चर्चा गर्म है: केजरीवाल को फिर सत्ता देगी भाजपा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद कुछ घंटों में नतीजे सभी के सामने होंगे। लेकिन इससे पहले सभी के जेहन में एक ही बात है कि सरकार किसकी बनेगी। क्या आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में चौथी बार वापसी करेगी या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रणनीति के आगे वो सत्ता गंवा बैठेंगे। वहीं एग्जिट पोल ने विधानसभा चुनाव को रोचक बना दिया है। कुछ रणनीतिकारों का मानना है कि भाजपा पिछले कुछ चुनावों की तरह आप को सत्ता में वापसी करा सकती है।

ऐसे में कई विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार किसी की भी बने, सत्ता और शासन की कमान भाजपा के पास ही होगी चाहे वह सामने से या पीछे के रास्ते (उपराज्यपाल व दिल्ली पुलिस) से सत्ता तो वही चलाएगी। वहीं कुछ जानकारों का मानना है कि आप को सत्ता में रखने से भाजपा को दूसरे राज्यों में पहले की तरह फायदा मिलेगा जैसा कि अब तक कई चुनावों में कांग्रेस को नुकसान सबसे अधिक आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने वोट काटकर पहुंचाया है। ताजा उदाहरण हरियाणा में देखा जा सकता है। हालांकि इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने आम आदमी को जमकर नुकसान पहुंचाया है ऐसा चुनावी विशेषज्ञ अनुमान लगा रहे हैं।

वहीं एग्जिट पोल के सर्वे में जो आंकड़े सामने आए हैं उससे सवाल यह है कि क्या अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी 62 सीटों से सीधे 20-25 सीटों पर सिमट जाएगी या फिर भाजपा 8 सीटों से सीधे 45-55 सीटों पर पहुंच जाएगी। विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शनिवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जिससे यह तय होगा कि आम आदमी पार्टी चौथी बार सत्ता में आएगी या फिर 27 साल के वनवास बाद राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा सरकार बनाएगी। पिछले दो विधानसभा चुनावों में एक भी सीट नहीं जीतने के बाद कांग्रेस भी इस बार कुछ बढ़त की उम्मीद कर रही है। कई एग्जिट पोल ने भाजपा को आप पर बढ़त दिखाई है, जो 2013 से दिल्ली में सत्ता में है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दिल्ली चुनाव के लिए बुधवार को 60.54 फीसदी वोट पड़े। मतगणना के दिन सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्रों के अंदर केवल अधिकृत कर्मियों को ही जाने की अनुमति होगी, जहां मोबाइल फोन का उपयोग सख्त वर्जित होगा।
इस बीच प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी करीब 50 सीटें जीतेगी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने एग्जिट पोल के आंकड़ों को खारिज करते हुए कहा कि वह फिर से सरकार बनाएगी और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Resources