सहायक थाना अध्यक्ष पर विधवा महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट में दर्ज हुई FIR
सी० डब्लू०एन० :- बिहार/जमुई/हेमंत सक्सेना
बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र की एक विधवा महिला ने सहायक थाना अध्यक्ष जनार्दन ठाकुर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने जमुई सिविल कोर्ट में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता का कहना है कि वह चार महीने पहले अपने बेटे और बहू की प्रताड़ना से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने झाझा थाना पहुंची थी, जहां सहायक थाना अध्यक्ष ने उसे अपने आवास पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके साथ ही उस पर ₹10,000 लेने का भी आरोप है।महिला ने बताया कि घटना दिसंबर 2024 की है, और आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा और झूठे केस में फंसा देगा। डर के कारण वह चुप रही। हालांकि, 7 दिसंबर 2024 को उसने आरोपी को वकील के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा और एसपी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई।
हाल ही में पीड़िता फिर से पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी सुरक्षा की मांग करने पहुंची, हालांकि उसकी एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। महिला रोते हुए मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करती दिखी।इस मामले में महिला की ओर से केस लड़ रहे अधिवक्ता कुमार प्रताप चौहान ने कहा कि यह गंभीर मामला है और पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने न्यायालय से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, आरोपी पुलिस अधिकारी जनार्दन ठाकुर ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि महिला किसी के बहकावे में आकर झूठे आरोप लगा रही है।